जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर का कदमा क्षेत्र गुरुवार को पूरी तरह से भक्ति के रंग में सराबोर हो गया। मौका था इस्कॉन की ओर से आयोजित भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा का, जिसमें शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। ‘जय जगन्नाथ’ के गगनभेदी जयघोष और हरिनाम संकीर्तन की धुन पर झूमते भक्तों के साथ पूरा माहौल आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुरू हुआ अनुष्ठान रथयात्रा की शुरुआत कदमा थाना क्षेत्र के रानीकुदर रोड नंबर-3 से हुई। यात्रा प्रारंभ होने से पहले इस्कॉन के पुजारियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद महाप्रभु के विग्रहों को बेहद खूबसूरती से सजाए गए रथ पर विराजमान किया गया।
भक्तों ने खींचा रथ, जगह-जगह बंटा महाप्रसाद रथयात्रा के आगे बढ़ने के साथ ही भक्तों में रथ की रस्सी खींचने की होड़ मच गई। मान्यता है कि रथ खींचने से भगवान का विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है। यात्रा के पूरे मार्ग में श्रद्धालु ढोल-मंजीरों की थाप पर भजन-कीर्तन और भक्ति नृत्य करते नजर आए। इस दौरान बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों का उत्साह देखते ही बनता था। जगह-जगह भक्तों के बीच महाप्रसाद और भोग का वितरण भी किया गया।
युवाओं की मेहनत लाई रंग आयोजन समिति ने बताया कि इस भव्य रथ को तैयार करने में क्षेत्र के बच्चों और युवाओं ने कई दिनों तक कड़ी मेहनत की थी। उनकी इस लगन और अनुशासन की हर तरफ तारीफ हो रही है। समिति के सदस्यों ने संकल्प लिया है कि आने वाले वर्षों में भी इसी तरह पूरी भव्यता और अनुशासन के साथ रथयात्रा का आयोजन किया जाएगा।
