योजनाओं का लाभ सिर्फ फाइलों तक सीमित न रहे, जमीन पर दिखे असर: मंत्री दीपिका पांडेय सिंह

रांची: झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने स्पष्ट किया है कि केंद्र प्रायोजित योजनाओं की सफलता सिर्फ आंकड़ों और फाइलों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसका सीधा लाभ धरातल पर आम जनता को मिलना चाहिए।

शुक्रवार को रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन (एनेक्सी) में आयोजित राज्य स्तरीय DISHA (दिशा) समिति की उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताया और लंबित कार्यों को तय समय-सीमा के भीतर पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

काम पूरा तो भुगतान में देरी क्यों?

बैठक के दौरान मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि योजनाएं जनसेवा का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि विकास कार्यों के पूरा होने के बाद भी राशि का भुगतान अटका रहना बिल्कुल अनुचित है। संबंधित विभाग तकनीकी और प्रशासनिक अड़चनों को तत्काल दूर कर प्राथमिकता के आधार पर लंबित भुगतानों का निपटारा करें।

प्रमुख योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा

इस बैठक में राज्य में चल रही कई प्रमुख केंद्रीय योजनाओं की प्रगति और आ रही व्यावहारिक समस्याओं पर गहन चर्चा की गई, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:

  • प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY)
  • विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण (VB-GRAMG)
  • प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (PMKSY)
  • प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY)
  • प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (PMMSY) एवं स्वच्छ भारत मिशन

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शी तरीके से हो, ताकि अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक सरकारी सहायता समय पर पहुंच सके।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *