लोहरदगा/नई दिल्ली: झारखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सदस्य धीरज प्रसाद साहू ने नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने झारखंड में कांग्रेस पार्टी की वर्तमान स्थिति, संगठनात्मक ढांचा और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के उत्साह को बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
धीरज प्रसाद साहू ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को राज्य में कांग्रेस संगठन की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया और बताया कि कार्यकर्ता उत्साहित हैं तथा संगठन विस्तार के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगा।
पूर्व राज्यसभा सदस्य ने झारखंड में कांग्रेस की ऐतिहासिक भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी ने सामाजिक न्याय, समावेशी विकास और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य में पार्टी की जिम्मेदारी और बढ़ गई है, इसलिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना बेहद जरूरी है ताकि जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित किया जा सके।
इस अवसर पर धीरज प्रसाद साहू ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को फरवरी में लोहरदगा में आयोजित होने वाले बलदेव साहू मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट युवाओं को खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर देता है और खेल के माध्यम से सामाजिक समरसता और सकारात्मक दिशा को बढ़ावा देता है। यह आयोजन लोहरदगा और पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय बन चुका है और राज्य में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा प्रदान करता है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे ने धीरज प्रसाद साहू की सक्रियता और संगठन के प्रति योगदान की सराहना की। उन्होंने झारखंड में संगठन को और मजबूत करने और युवाओं को पार्टी से जोड़ने पर विशेष ध्यान देने का संदेश दिया। इस मुलाकात को संगठन, राजनीति और खेल के माध्यम से सामाजिक विकास को गति देने की सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
