रांची: रांची स्थित संत जेवियर्स कॉलेज में आयोजित क्रिसमस मिलन समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार शामिल हुए और सभी को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि क्रिसमस प्रेम, शांति, भाईचारे और मानवता का संदेश देने वाला पर्व है।
राज्यपाल ने कहा कि प्रभु यीशु मसीह का पूरा जीवन आपसी प्रेम, क्षमा और सेवा की भावना को अपनाने की प्रेरणा देता है। क्रिसमस यह सिखाता है कि सच्चा सुख दूसरों की सेवा करने और उनके प्रति करुणा भाव रखने में निहित है। उन्होंने कहा कि संत जेवियर्स कॉलेज, रांची न केवल झारखंड बल्कि आसपास के राज्यों में भी एक प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान के रूप में अपनी अलग पहचान रखता है।
उन्होंने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि यह महाविद्यालय लंबे समय से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का प्रतीक बना हुआ है। यहां से शिक्षा प्राप्त कर चुके विद्यार्थियों ने शिक्षा, प्रशासन, विज्ञान, साहित्य, खेल और सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में देश-विदेश में उत्कृष्ट योगदान दिया है।
कॉलेज की गौरवशाली परंपरा का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि इसकी प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में यहां के समर्पित शिक्षाविदों की अहम भूमिका रही है। उन्होंने डी. ब्रावर और प्रो. ए. के. सिन्हा जैसे शिक्षकों को स्मरण करते हुए कहा कि उनकी सादगी और छात्रों के प्रति आत्मीयता आज भी प्रेरणास्रोत है।
राज्यपाल ने फादर कामिल बुल्के द्वारा तैयार हिंदी-अंग्रेजी शब्दकोश को हिंदी भाषा की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि विदेशी मूल के होने के बावजूद हिंदी और भारतीय संस्कृति के प्रति उनका समर्पण अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शिक्षा को भारतीय मूल्यों, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक दायित्व से जोड़ने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि युवा न केवल दक्ष बल्कि संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
इस अवसर पर राज्यपाल ने संत जेवियर्स कॉलेज से आसपास के गांवों को गोद लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्रों में और बेहतर कार्य करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण विकास को गति मिलेगी और यह संस्थान अन्य शैक्षणिक संस्थानों के लिए भी प्रेरणा बनेगा।
