दुमका: जिला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की तस्करी में लिप्त तीन ड्रग पैडलरों को गिरफ्तार किया है। इनमें से दो आरोपी नाबालिग हैं। दुमका के एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।
वाहन जांच के दौरान पकड़े गए आरोपी
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग ब्राउन शुगर की डिलीवरी के उद्देश्य से रामगढ़ थाना क्षेत्र में सक्रिय हैं। इस जानकारी को रामगढ़ थाना प्रभारी मनीष कुमार के साथ साझा किया गया। सूचना की पुष्टि के बाद एसडीपीओ श्यामनन्दन मंडल के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
इसके बाद एसडीपीओ, थाना प्रभारी और पुलिस बल की टीम ने गुहियाजोरी–गोड्डा मुख्य मार्ग पर मयूरनाथ गांव के पास वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान गुहियाजोरी की ओर से रामगढ़ की तरफ आ रही एक बाइक को देखकर सवार युवक भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर बाइक सवार को पकड़ लिया और तलाशी ली।
45 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद
तलाशी के दौरान एक युवक के जैकेट से 38 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसका कुल वजन करीब 6 ग्राम था। उसकी पहचान बबलू कुमार (21 वर्ष), पिता संतोष महतो, निवासी ग्राम शिमला, थाना खागा, जिला देवघर के रूप में हुई। वहीं दूसरे युवक के पास से 7 पुड़िया ब्राउन शुगर मिली। जांच में पता चला कि पकड़े गए तीनों में से दो आरोपी नाबालिग हैं।
पूछताछ के बाद पुलिस ने 21 वर्षीय बबलू कुमार को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दोनों नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 45 पुड़िया ब्राउन शुगर (करीब 7 ग्राम) और एक बाइक भी जब्त की है।
एसपी का बयान
एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि सभी आरोपी देवघर के रहने वाले हैं और ऑर्डर मिलने पर ब्राउन शुगर की डिलीवरी देने दुमका आ रहे थे। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जा रहा है, ताकि इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।
