बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर भुवनेश्वर–रांची इंडिगो फ्लाइट की हार्ड लैंडिंग, विमान ग्राउंडेड, सभी यात्री सुरक्षित

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर भुवनेश्वर–रांची इंडिगो फ्लाइट की हार्ड लैंडिंग, विमान ग्राउंडेड, सभी यात्री सुरक्षित

रांची: राजधानी रांची स्थित भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा टल गया। इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-7361 की लैंडिंग के दौरान तकनीकी गड़बड़ी सामने आने पर पायलट को हार्ड लैंडिंग करानी पड़ी। अचानक झटके से विमान के उतरने पर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि पायलट की सतर्कता से कोई दुर्घटना नहीं हुई और सभी 75 यात्री सुरक्षित रहे।

क्यों करानी पड़ी हार्ड लैंडिंग
रांची एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि विमान रात करीब 8:30 बजे देरी से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचा था। लैंडिंग के समय कुछ तकनीकी समस्या आने के कारण पायलट ने सुरक्षा के लिहाज से हार्ड लैंडिंग का फैसला लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है और विमान के पिछले हिस्से को भी कोई बाहरी नुकसान नहीं हुआ।

उन्होंने बताया कि विमान को एप्रन रैंप से जोड़ दिए जाने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, कुछ परिस्थितियों में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हार्ड लैंडिंग करानी पड़ती है, जिसके बाद यह जांच की जाती है कि विमान अगली उड़ान के लिए सुरक्षित है या नहीं।

भुवनेश्वर जाने वाले यात्रियों को हुई परेशानी
तकनीकी जांच के दौरान विमान को उड़ान के योग्य नहीं पाया गया। इसकी मरम्मत के लिए दिल्ली से इंजीनियरों की टीम आने वाली है। इसी विमान से रांची से भुवनेश्वर के लिए उड़ान निर्धारित थी, जिसके लिए बड़ी संख्या में यात्री एयरपोर्ट पर मौजूद थे।

यात्रियों को बताया गया कि तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही उड़ान संभव होगी, लेकिन रात करीब 9:40 बजे घोषणा की गई कि विमान उड़ान भरने की स्थिति में नहीं है और वैकल्पिक विमान की व्यवस्था भी संभव नहीं हो सकी। इससे नाराज यात्रियों ने हंगामा किया। बाद में इंडिगो प्रबंधन ने यात्रियों के लिए होटल में ठहरने की व्यवस्था की और 35 यात्रियों को कार के माध्यम से भुवनेश्वर रवाना किया गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *