सरायकेला: जमशेदपुर के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र (AIA) के जाने-माने उद्यमी और ‘एम्पायर ऑटो’ के संचालक देवांग चंद्र गांधी के 25 वर्षीय पुत्र कैरव गांधी रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है और कैरव की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के सर्किट हाउस इलाके में रहने वाले कैरव गांधी मंगलवार दोपहर अपनी सफेद क्रेटा कार (नंबर JH05EB 2161) से आदित्यपुर स्थित कंपनी के लिए घर से निकले थे। लेकिन काफी समय बीत जाने के बावजूद जब वे ऑफिस नहीं पहुंचे और उनका मोबाइल फोन बंद आने लगा, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उनकी तलाश शुरू की।
कैरव के बारे में कोई सुराग नहीं मिलने पर उद्योगपति देवांग गांधी ने बिष्टुपुर थाना को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू की और सर्विलांस की मदद ली। इसी दौरान देर शाम चांडिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत NH-33 पर सिल्वर सैंड रिसॉर्ट के पास कैरव की कार लावारिस हालत में बरामद हुई।
पुलिस ने बिष्टुपुर समेत शहर के विभिन्न मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं, जिनमें कैरव सामान्य रूप से वाहन चलाते हुए नजर आ रहे हैं। फिलहाल जमशेदपुर और सरायकेला जिले की पुलिस आपसी समन्वय से इस हाई-प्रोफाइल मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है।
देवांग गांधी ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को उनका बेटा घर से फैक्ट्री के लिए निकला था, लेकिन वहां पहुंचा ही नहीं। फोन करने पर उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। देर शाम तक संपर्क नहीं होने पर पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस को कैरव गांधी के मोबाइल का अंतिम लोकेशन जमशेदपुर के सोनारी आदर्श नगर के आसपास मिला है।
गौरतलब है कि कैरव गांधी के पिता देवांग गांधी आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के उपाध्यक्ष हैं और आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में एम्पायर ऑटो प्राइवेट लिमिटेड समेत उनके कई औद्योगिक प्रतिष्ठान हैं।
