16 जनवरी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर 17 जनवरी को झारखंड बंद का ऐलान

16 जनवरी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर 17 जनवरी को झारखंड बंद का ऐलान

खूंटी: खूंटी सदर प्रखंड के हुटार स्थित जियारप्पा में सोमवार को एदेल संगा पड़हा राजा स्वर्गीय सोमा मुंडा की स्मृति में एक विशाल श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, समाज के प्रतिनिधि और विभिन्न संगठनों से जुड़े नेता उपस्थित हुए और अपने प्रिय नेता को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

पूर्व निर्धारित पड़हा मैदान में सुबह करीब 11 बजे से ही लोगों का आना शुरू हो गया था। देखते ही देखते युवा, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में एकत्र हो गए। शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित इस सभा की शुरुआत पत्थलगढ़ी के तहत स्थापित स्मारक के पारंपरिक पूजन से हुई। इसके बाद स्वर्गीय सोमा मुंडा के चित्र पर उनके परिजनों और उपस्थित लोगों ने माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि सभा में पड़हा समाज के विभिन्न इलाकों से आए राजा और प्रमुख सामाजिक नेताओं ने अपने विचार रखे। महादेव मुंडा, कमल सांगा, प्रेम सांगा, मंगल सिंह मुंडा, सनिका भेंगरा समेत अन्य पड़हा राजाओं ने स्व. सोमा मुंडा को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके साथ जुड़े संस्मरण साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि सोमा मुंडा निडर, संघर्षशील नेता थे और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए सदैव आगे खड़े रहे। शिक्षा, रोजगार, जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए उनका संघर्ष हमेशा याद किया जाएगा।

इस दौरान दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। सभा में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और आदिवासी समाज के गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। मौके पर झारखंड पार्टी के जिला महासचिव योगेश वर्मा, अबुआ झारखंड पार्टी के अध्यक्ष रिदन होरो, पौलूस नाग, मार्शल बारला सहित कई नेता उपस्थित थे।

श्रद्धांजलि सभा के माध्यम से आदिवासी समन्वय समिति ने स्व. सोमा मुंडा के हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रशासन को कड़ा संदेश दिया। समिति ने बताया कि हत्यारों की गिरफ्तारी को लेकर प्रशासन को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। आदिवासी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि 16 जनवरी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो 17 जनवरी को पूरे झारखंड में बंद बुलाया जाएगा। नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह बंद न्याय की मांग और प्रशासन की कथित उदासीनता के विरोध में होगा और जनता से इसे समर्थन देने की अपील की गई।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *