Jharkhand Politics: भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष बनेंगे आदित्य साहू, आज होगा औपचारिक ऐलान

Jharkhand Politics: भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष बनेंगे आदित्य साहू, आज होगा औपचारिक ऐलान

रांची: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए मंगलवार को आदित्य साहू ने अपना नामांकन दाखिल किया। प्रदेश कार्यालय में संगठन पर्व के अंतिम चरण के तहत प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी की गई। केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर रांची पहुंचे केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनाव अधिकारी जुएल उरांव की देखरेख में आदित्य साहू ने अपना नामांकन कराया।

जुएल उरांव ने बताया कि तय समय सीमा के भीतर प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए एक नामांकन और राष्ट्रीय परिषद सदस्य पद के लिए कुल 21 नामांकन पत्र प्राप्त हुए। प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और सांसद विद्युत वरण महतो नामांकन पत्र के प्रस्तुतकर्ता बने। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने नामांकन किया।

आदित्य साहू के प्रस्तावकों में प्रदेश अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, सांसद विद्युत वरण महतो, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, विकास प्रीतम और बालमुकुंद सहाय शामिल रहे। इसके अलावा प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, प्रवक्ता रमाकांत महतो और महिला मोर्चा अध्यक्ष आरती सिंह भी प्रस्तावक रहे।

प्रदेश चुनाव अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय परिषद के लिए जिन 21 नेताओं ने नामांकन दाखिल किया है, उनमें कड़िया मुंडा, अर्जुन मुंडा, समीर उरांव, यदुनाथ पांडेय, चम्पाई सोरेन, संजय सेठ, रघुवर दास, दिनेशानंद गोस्वामी, मधु कोड़ा, पशुपति नाथ सिंह, रविन्द्र कुमार राय, अमर कुमार बाउरी, नीलकंठ सिंह मुंडा, भानु प्रताप शाही, जीतूचरण राम, अभयकांत प्रसाद, प्रदीप वर्मा, अनंत ओझा, दीपक प्रकाश और गीता कोड़ा के नाम शामिल हैं।

बुधवार दोपहर दो बजे प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के नामों की औपचारिक घोषणा की जाएगी। चूंकि प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए केवल एक ही नामांकन दाखिल हुआ है, इसलिए आदित्य साहू को निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया जाएगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *