‘रांची देश का पहला फैटी लिवर मुक्त शहर बनेगा’, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने बताया योजना

‘रांची देश का पहला फैटी लिवर मुक्त शहर बनेगा’, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने बताया योजना

रांची: शहर के रांची क्लब में आयोजित तीन दिवसीय रोटरी डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस ‘समागम’ का समापन रविवार को हुआ। सम्मेलन के अंतिम दिन कार्यक्रम की शुरुआत प्रेसिडेंट इलेक्ट ललित त्रिपाठी ने की। अपने संबोधन में उन्होंने दूसरे दिन के सत्र की समीक्षा करते हुए रोटरी द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों, उनकी प्रगति और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रोटरी समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

रांची को फैटी लिवर मुक्त शहर बनाने की पहल
अंतिम दिन के मुख्य वक्ता केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ ने कहा कि रांची को देश का पहला फैटी लिवर मुक्त शहर बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत फैटी लिवर की जांच और जन-जागरूकता के उद्देश्य से करीब छह करोड़ रुपये की लागत से चार अत्याधुनिक मोबाइल वैन जल्द ही रोटरी को सौंपी जाएंगी। ये वैन रांची के विभिन्न शहरी इलाकों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों की स्क्रीनिंग करेंगी।

उन्होंने कहा कि किसी भी बीमारी से लड़ने का सबसे कारगर उपाय उसकी समय पर पहचान है। यह पहल केवल इलाज तक सीमित नहीं, बल्कि जन-जागरूकता का एक व्यापक अभियान है, जिसमें रोटरी की भूमिका अहम होगी। संजय सेठ ने रोटरी के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाजसेवा के क्षेत्र में रोटरी की यात्रा प्रेरणादायी और अनुकरणीय रही है।

सेवा और सशक्तीकरण पर रोटरी का फोकस
उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और महिला सशक्तीकरण जैसे क्षेत्रों में रोटरी द्वारा किए गए कार्य समाज के लिए मील का पत्थर साबित हुए हैं। रोटरी केवल सेवा संगठन नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन की मजबूत नींव रखती है।

महिला सशक्तीकरण पर विशेष जोर देते हुए संजय सेठ ने बताया कि रोटरी के माध्यम से आगामी माह महिला स्वयं सहायता समूहों को तीन करोड़ रुपये की सिलाई मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे हजारों महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने में मदद मिलेगी और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं सशक्त होती हैं, तो परिवार और समाज दोनों मजबूत होते हैं।

चुनाव और आयोजन
सम्मेलन के तीसरे दिन काउंसिल ऑफ लेजिस्लेशन के चुनाव में सत्र 2026-29 के लिए पीडीजी जोगेश गंभीर और सत्र 2028-29 के लिए डॉ. अजय कुमार को गवर्नर इलेक्ट चुना गया। चुनाव प्रक्रिया इलेक्शन ऑब्जर्वर पीडीजी दीपक कुमार, चेयरमैन पीडीजी राकेश प्रसाद, पीडीजी शिवप्रकाश बागड़िया और बैलेटिंग कमेटी चेयरमैन पीडीजी डॉ. बिंदु सिंह की निगरानी में संपन्न हुई।

चुनावी प्रक्रिया का संचालन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नम्रता की देखरेख में किया गया। कार्यक्रम का संयुक्त संचालन शाहिद पाल और अजय छाबड़ा ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में रोटरी सदस्य, पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *