सुदेश महतो ने लापता बच्चों के माता-पिता से की मुलाकात, राज्य सरकार पर साधा निशाना: ‘कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त’

सुदेश महतो ने लापता बच्चों के माता-पिता से की मुलाकात, राज्य सरकार पर साधा निशाना: ‘कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त’

रांची: आजसू पार्टी के प्रमुख और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने आज धुर्वा से लापता बच्चों अंश और अंशिका के माता-पिता से मुलाकात की और उन्हें बच्चों की सुरक्षित वापसी के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

इसके बाद महतो खूंटी पहुंचे और वहां नृशंस हत्या के शिकार दिवंगत पड़हा राजा सोमा मुंडा के परिजनों से शोक संवेदना व्यक्त की। उनके साथ केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर और केंद्रीय महासचिव व ज़िप अध्यक्ष निर्मला भगत भी मौजूद थीं।

सुदेश महतो ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता गरीबों की नहीं है। उन्होंने कहा कि न तो अंश–अंशिका का सुराग मिल पाया है और न ही सोमा मुंडा के हत्यारों को पकड़ा जा सका। झारखंड में राज्य सरकार और पुलिस पूरी तरह संवेदनहीन हो गई है।

महतो ने कहा कि कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। सरकार की नज़रों के सामने एचईसी परिसर से बच्चे सरेआम गायब हो जाते हैं और उनका कोई पता नहीं चलता। खूंटी में पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या होती है और पुलिस सिर्फ हाथ-पाँव मारती रहती है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बच्चों की गुमशुदगी की सूचना शाम 6 बजे थाना को दे दी गई थी, लेकिन पुलिस दो दिन तक सक्रिय नहीं हुई। अगर सूचना मिलते ही पुलिस गंभीर होती, तो शायद बच्चे समय रहते मिल जाते। इसके अलावा उन्होंने कहा कि अभी तक राज्य सरकार की ओर से परिवार की कोई खोज-खबर नहीं ली गई है।

इस मौके पर जयकांत कश्यप, महावीर नायक, मुकेश नायक, हरीश कुमार, सतीश कुमार, चिंटू मिश्रा, राजू नायक, चेतन प्रकाश, ओम बर्मा, ऋतुराज शाहदेव, प्रताप सिंह, निर्मल उरांव, प्रीतम कुमार, रौशन कुमार नायक और संदीप साहू भी मौजूद थे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *