रांची: गुजरात जायंट्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 4 रन से हराया, सोफी डिवाइन बनीं मैच की हीरो
नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में रविवार, 11 जनवरी को खेले गए महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के चौथे मुकाबले में गुजरात जायंट्स ने तीन बार की फाइनलिस्ट दिल्ली कैपिटल्स को रोमांचक मुकाबले में चार रन से मात देकर सीजन की दूसरी जीत दर्ज की।
मैच में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करने वाली न्यूजीलैंड की ऑलराउंडर सोफी डिवाइन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। डिवाइन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में विस्फोटक 95 रन बनाए, जिससे गुजरात जायंट्स 20 ओवर में 209 रन का बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही। इसके बाद उन्होंने आखिरी ओवर में बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए सिर्फ दो रन खर्च कर मैच गुजरात के पक्ष में मोड़ दिया।
अपनी तूफानी पारी के दौरान डिवाइन ने एक ही ओवर में 32 रन बटोरे, जो WPL इतिहास का सबसे महंगा ओवर साबित हुआ। उनकी इस पारी ने गुजरात को लीग के अब तक के सबसे बड़े स्कोर की ओर पहुंचाया।
नंदनी शर्मा की हैट्रिक
दिल्ली कैपिटल्स की युवा मीडियम पेसर नंदनी शर्मा ने मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए अपना पहला पांच विकेट हॉल लिया। उन्होंने पारी की अंतिम तीन गेंदों पर हैट्रिक भी पूरी की और WPL में हैट्रिक लेने वाली चौथी गेंदबाज बन गईं। इससे पहले यह उपलब्धि इसी वोंग, दीप्ति शर्मा और ग्रेस हैरिस हासिल कर चुकी हैं। खास बात यह रही कि 24 वर्षीय नंदनी WPL इतिहास में हैट्रिक लेने वाली पहली अनकैप्ड गेंदबाज बनीं।
हालांकि, डिवाइन ने आखिरी ओवर में दिल्ली को जीत के लिए जरूरी सात रन नहीं बनाने दिए। उनके सटीक ओवर के चलते जेमिमा रोड्रिग्स की अगुवाई वाली दिल्ली कैपिटल्स की टीम 20 ओवर में 205/5 रन ही बना सकी।
दिल्ली की शानदार पारियां रहीं बेकार
दिल्ली कैपिटल्स की ओर से लिजेल ली ने 54 गेंदों में 85 रन और लॉरा वोल्वार्ड्ट ने 38 गेंदों में 77 रन की बेहतरीन पारियां खेलीं, लेकिन ये प्रयास टीम को जीत नहीं दिला सके। इस हार के साथ दिल्ली कैपिटल्स को सीजन में लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी।
इससे पहले गुजरात की कप्तान एशले गार्डनर ने भी 26 गेंदों में 49 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें चार चौके और तीन छक्के शामिल थे। डिवाइन और गार्डनर की शानदार बल्लेबाजी के दम पर गुजरात जायंट्स ने 20 ओवर में 209 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
