गिरिडीह में दो लूटकांड का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार; गांजा और नकदी भी बरामद

गिरिडीह पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग लूट की घटनाओं का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूट का सामान, नकदी और भारी मात्रा में गांजा भी बरामद किया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 11-12 अप्रैल 2026 की रात बस स्टैंड रोड स्थित न्यू परिसदन भवन के पास राहगीरों से लूट की घटना हुई थी, जिसे नगर थाना कांड संख्या 88/26 के तहत दर्ज किया गया था। इसके बाद 16 अप्रैल की रात अमित कुमार लकड़ा से बैग, कपड़े और 8,500 रुपये नकद छीन लिए गए थे, जिस पर कांड संख्या 91/26 दर्ज किया गया।

एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर न्यू चुड़ी मोहल्ला निवासी 20 वर्षीय अफरोज शेख को देवघर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने दोनों लूटकांड में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई वस्तुएं, मोबाइल फोन, पर्स, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज और नकदी बरामद की।

इसी क्रम में 25 अप्रैल को पुलिस ने न्यू चुड़ी मोहल्ला में छापेमारी कर स्वानी कुरैशी के घर से करीब 1575 ग्राम गांजा, 50 नशीली गोलियां और 3,000 रुपये नकद बरामद किए। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत नगर थाना कांड संख्या 96/26 दर्ज किया गया है। हालांकि इस मामले से जुड़े दोनों आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अफरोज शेख का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। पूरी कार्रवाई एसडीपीओ सदर के नेतृत्व में नगर थाना पुलिस टीम द्वारा की गई।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *