रामगढ़ में सड़क से गुजर रहे बारातियों तेज रफ्तार वाहन ने रौंदा ! 1 महिला की मौत, कई की हालत गंभीर

रामगढ़ जिले के मांडू क्षेत्र में कुजू ओपी अंतर्गत महतो मैरिज हॉल के पास बीती देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, बिहार के डोभी से बारात शादी समारोह के लिए रामगढ़ पहुंची थी। शनिवार देर रात करीब 11:30 से 12:00 बजे के बीच बारात गाजे-बाजे के साथ सड़क से गुजर रही थी, जबकि स्थानीय लोग उनका स्वागत करने के लिए सड़क किनारे मौजूद थे।

इसी दौरान नया मोड़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन (नंबर JH 01ER 0231) अचानक अनियंत्रित होकर बारातियों के बीच घुस गई और कई लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने वाहन चालक और उपचालक को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी, जिससे वे भी घायल हो गए। सूचना मिलने पर कुजू ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को होप अस्पताल तथा रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *