मोतिहारी (पूर्वी चंपारण): जिले में बढ़ते अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक (SP) स्वर्ण प्रभात ने ‘ऑपरेशन हथियार’ के तहत अपराधियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस विशेष अभियान के तहत ढाका, छतौनी और मधुबन थाना क्षेत्रों में एक साथ हुई बड़ी कार्रवाई से हथियार तस्करों के सिंडिकेट में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार और कारतूस के साथ विदेशी मुद्रा भी बरामद की है।
ढाका में हथियार तस्करों का नेपाल कनेक्शन उजागर सबसे बड़ी सफलता ढाका थाना पुलिस को मिली, जहाँ एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ। गुप्त सूचना के आधार पर बरेवा गांव निवासी खुर्शीद आलम के घर पर छापेमारी की गई। पुलिस ने वहां से दो पिस्टल, दो मैगजीन, पांच जिंदा कारतूस, एक देसी बंदूक और तीन हजार नेपाली रुपये जब्त किए हैं। इस मामले में दो महिलाओं सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस अब इनके अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क खंगाल रही है।
छतौनी और मधुबन में भी एक्शन
- छतौनी थाना: पुलिस ने ऑटो पर सवार होकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने जा रहे पांच अपराधियों को हथियारों के साथ दबोच लिया।
- मधुबन थाना: पुलिस ने बहुआराभान गांव में छापेमारी कर एक देसी कट्टा के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
अपराधियों में खौफ, पुलिस मुस्तैद एसपी स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व में चल रही इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से जिले में अपराधियों की नींद उड़ी हुई है। भारी मात्रा में देसी और विदेशी हथियारों की बरामदगी यह संकेत देती है कि पुलिस अब तस्करी के जड़ तक पहुँचने के लिए पूरी तरह सक्रिय है। इस अभियान के बाद से जिले में अवैध हथियारों के कारोबार पर काफी हद तक लगाम लगने की उम्मीद है।
