बीसीसीएल (BCCL) ब्लॉक टू क्षेत्र के बेनीडीह में संचालित अंबे माइनिंग आउटसोर्सिंग कंपनी के फेस में शुक्रवार को एक भीषण हादसा हो गया। तेज बारिश और आंधी के बीच हॉल रोड पर मलबा स्लाइड होने के कारण एक डोजर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में डोजर ऑपरेटर सोनू कुमार सिंह (34 वर्ष) की आग और धुएं की चपेट में आने से झुलसकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से माइनिंग क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है।
धुएं से बचने के प्रयास में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे से इलाके में तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश हो रही थी। बारिश के चलते माइनिंग के फायर फेस में भारी मात्रा में धुआं भर गया था और हॉल रोड पर पानी जमा हो गया था। ड्यूटी पर तैनात डोजर ऑपरेटर सोनू कुमार सिंह धुएं से बचने के लिए अपने डोजर को लेकर सुरक्षित ‘ग्रीन जोन’ की तरफ बढ़ रहे थे।
इसी दौरान हॉल रोड के किनारे जमा मलबे के धंसने (स्लाइड होने) से डोजर का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे खाई में जा गिरा।
केबिन से कूदने की कोशिश पड़ी भारी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब डोजर अनियंत्रित हुआ तो सोनू ने अपनी जान बचाने के लिए केबिन का दरवाजा खोलकर बाहर कूदने का प्रयास किया। लेकिन दुर्भाग्यवश, वह फायर फेस से उठ रहे भयंकर धुएं और आग की लपटों की चपेट में आ गए, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए।
परिजनों में मचा कोहराम
घटना के तुरंत बाद सहकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें एम्बुलेंस के जरिए इलाज के लिए धनबाद भेजा, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक सोनू कुमार सिंह गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र स्थित अंगिया गांव के रहने वाले थे और उनके पिता का नाम जलेश्वर प्रसाद सिंह है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल में कागजी कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर माइनिंग क्षेत्रों में बारिश के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
