रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने ‘विशेष शिक्षा सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा’ को लेकर एक बड़ा अपडेट जारी किया है। आयोग ने अधूरी प्रक्रिया और फीस न जमा करने के कारण कुल 16,113 ऑनलाइन आवेदनों को रद्द कर दिया है। इसके साथ ही परीक्षा की तारीखों और एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के शेड्यूल की भी घोषणा कर दी गई है।
क्यों रद्द हुए इतनी बड़ी संख्या में आवेदन?
जेएसएससी द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, विज्ञापन संख्या 08/2025 के तहत 14 दिसंबर 2025 से 24 फरवरी 2026 तक आवेदन मांगे गए थे। जांच के बाद आयोग ने पाया कि:
- 15,936 अभ्यर्थियों ने केवल रजिस्ट्रेशन कराया था, लेकिन फॉर्म के अन्य जरूरी स्टेप्स पूरे नहीं किए।
- 177 अभ्यर्थियों ने पूरा फॉर्म तो भरा, लेकिन निर्धारित परीक्षा शुल्क (Exam Fee) जमा नहीं की।
इन कमियों के कारण आयोग ने इन सभी 16,113 आवेदनों को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है।
22 जून से शुरू होगी परीक्षा
झारखंड इंटरमीडिएट एवं स्नातक प्रशिक्षित विशेष शिक्षा सहायक आचार्य परीक्षा का आयोजन 22 जून से 24 जून 2026 तक किया जाएगा। यह परीक्षा रांची के विभिन्न केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित (CBT Mode) होगी।
महत्वपूर्ण सूचना: परीक्षा तिथि और केंद्र से जुड़ी जानकारी अभ्यर्थियों को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी पर एसएमएस (SMS) के जरिए भेजी जा रही है। उम्मीदवार नियमित रूप से अपना इनबॉक्स चेक करते रहें।
17 जून से डाउनलोड करें एडमिट कार्ड
परीक्षा में शामिल होने वाले योग्य उम्मीदवार 17 जून 2026 से जेएसएससी की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
- कैसे करें डाउनलोड: अभ्यर्थी अपनी रजिस्टर्ड ई-मेल आईडी या आवेदन संख्या (Application Number) और जन्म तिथि (Date of Birth) दर्ज करके अपना प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकेंगे।
