नीट परीक्षा को लेकर धनबाद में सुरक्षा सख्त, एसएसपी की चेतावनी- गड़बड़ी करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

धनबाद: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए धनबाद जिला पुलिस हाई अलर्ट पर है। रविवार को आयोजित इस परीक्षा को लेकर जिले के सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने खुद परीक्षा केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देशानुसार, सभी परीक्षा केंद्रों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। परीक्षा में पूरी पारदर्शिता बरतने के लिए परीक्षार्थियों को मुख्य प्रवेश द्वार पर गहन चेकिंग और सघन जांच के बाद ही केंद्र के भीतर जाने की अनुमति दी गई।

सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए तकनीक का भी पूरा इस्तेमाल किया जा रहा है। सभी परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए पैनी नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही, पुलिस की गश्ती टीमें लगातार केंद्रों के आसपास चक्कर काट रही हैं ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत एक्शन लिया जा सके।

कड़ी कार्रवाई की चेतावनी: एसएसपी प्रभात कुमार ने साफ तौर पर कहा है कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। यदि कोई भी व्यक्ति परीक्षा की निष्पक्षता को प्रभावित करने या किसी भी तरह की गड़बड़ी फैलाने का प्रयास करेगा, तो उसके खिलाफ बेहद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *