धनबाद: कोयलांचल की सियासत में एक बार फिर गरमाहट आ गई है। धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो ने निरसा के विधायक अरूप चटर्जी के खिलाफ कड़ा कानूनी रुख अख्तियार किया है। सांसद ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से विधायक को ₹2 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है। आरोप है कि विधायक ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस और सोशल मीडिया के जरिए सांसद और उनके परिवार पर बेहद संगीन और बेबुनियाद आरोप लगाए थे, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुँची है।
नोटिस में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि अरूप चटर्जी द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह से निराधार और तथ्यों से परे हैं। प्रिंट, डिजिटल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इन बयानों के व्यापक प्रसार के कारण सांसद और उनके परिवार को भारी मानसिक पीड़ा और सामाजिक असहजता का सामना करना पड़ा है।
7 दिनों में मांगें पूरी न होने पर कोर्ट जाएगी कानूनी टीम
सांसद ढुल्लू महतो की ओर से भेजे गए कानूनी नोटिस में विधायक के सामने कड़ी शर्तें रखी गई हैं, जिन्हें पूरा करने के लिए 7 दिनों का अल्टीमेटम दिया गया है:
- विधायक अरूप चटर्जी को 7 दिनों के भीतर बिना शर्त लिखित में सार्वजनिक माफी मांगनी होगी।
- सांसद और उनके परिवार पर लगाए गए सभी आरोपों को तुरंत वापस लेना होगा।
- सोशल मीडिया और इंटरनेट से विवादित बयान से जुड़े सभी वीडियो और पोस्ट हटाने होंगे।
- प्रतिष्ठा को पहुँची क्षति के मुआवजे के तौर पर ₹2 करोड़ रुपये का भुगतान करना होगा।
