रांची: राजधानी के नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित अमन नगर (ग्राम हाई स्कूल) के ग्रामीण पिछले सात वर्षों से जर्जर सड़क और जलजमाव की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की उदासीनता से तंग आकर ग्रामीणों ने एक बार फिर झारखंड सरकार, जिला प्रशासन और क्षेत्रीय नेताओं से पीसीसी (PCC) सड़क और पक्की नाली निर्माण की गुहार लगाई है। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से समस्या की जानकारी होने के बावजूद अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
स्कूली बच्चों और राहगीरों के लिए आफत बनी सड़क
स्थानीय लोगों के अनुसार, मानसून के दौरान इस सड़क की स्थिति बद से बदतर हो जाती है और पूरी राह कीचड़ के दलदल में तब्दील हो जाती है। सबसे ज्यादा परेशानी ग्राम हाई स्कूल के छात्र-छात्राओं को झेलनी पड़ती है। रोजाना इसी रास्ते से स्कूल जाने वाले बच्चे अक्सर कीचड़ में फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे हमेशा किसी बड़ी दुर्घटना का डर बना रहता है। स्थानीय ग्रामीणों को भी अपने रोजमर्रा के कामों के लिए इसी जानलेवा रास्ते का सहारा लेना पड़ता है।
नेताओं और अधिकारियों के चक्कर काटकर थक चुके हैं लोग
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले 7 सालों में उन्होंने नगड़ी प्रखंड प्रमुख, प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) से लेकर क्षेत्र के तमाम जनप्रतिनिधियों को कई बार लिखित आवेदन सौंपे हैं। हर बार सिर्फ आश्वासन मिला, धरातल पर कोई काम नहीं हुआ। इस प्रशासनिक उपेक्षा के कारण अब स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है।
ग्रामीणों ने झारखंड सरकार और जिला प्रशासन से अपील की है कि स्कूली बच्चों और आम जनता की सुरक्षा को देखते हुए अविलंब पीसीसी सड़क और नाली निर्माण की स्वीकृति दी जाए ताकि इस दीर्घकालिक समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
