रांची:
एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट, डुरंड कप 2026 (135वां संस्करण) का रविवार को राजधानी रांची में शानदार और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ आगाज़ हो गया। यह पहला अवसर है जब रांची इस ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है, जिसे लेकर स्थानीय खेल प्रेमियों में खासा रोमांच देखने को मिल रहा है।
टूर्नामेंट का आधिकारिक उद्घाटन झारखंड के खेल मंत्री सुदिव्य सोनू ने किया। इस खास मौके पर राज्यसभा सांसद महुआ मांझी सहित कई प्रमुख गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे। मैच शुरू होने से पहले स्थानीय और सांस्कृतिक कलाकारों द्वारा दी गई प्रस्तुतियों ने स्टेडियम में मौजूद दर्शकों का दिल जीत लिया।
खचाखच भरा स्टेडियम, श्रीलंका की टीम से भिड़ी जमशेदपुर एफसी
रविवार की छुट्टी होने के कारण मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम प्रशंसकों से पूरी तरह खचाखच भरा नजर आया। हज़ारों की संख्या में पहुंचे दर्शकों ने ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ अपनी पसंदीदा टीमों का उत्साहवर्धन किया।
उद्घाटन मुकाबले में जमशेदपुर एफसी (Jamshedpur FC) का सामना श्रीलंका की डिफेंडर एफसी (Defender FC) से हुआ, जिसे देखने के लिए युवाओं और खेल प्रेमियों में जबरदस्त क्रेज देखा गया। रांची में इस स्तर के अंतरराष्ट्रीय मैचों का आयोजन राज्य में फुटबॉल संस्कृति को एक नया आयाम देने का काम करेगा।
