नेतरहाट में लगा एक दिवसीय मुफ्त होम्योपैथिक शिविर, सैकड़ों ग्रामीणों ने लिया स्वास्थ्य परामर्श और दवाएं

नेतरहाट / महुआडांड़:

ग्रामीण इलाकों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सोमवार को नेतरहाट पंचायत भवन परिसर में एक दिवसीय निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर के माध्यम से नेतरहाट और आसपास के दूर-दराज गांवों से आए सैकड़ों मरीजों को मुफ्त परामर्श और दवाएं प्रदान की गईं।

शिविर का संचालन गढ़वा के प्रसिद्ध एवं अनुभवी चिकित्सक डॉ. कृष्ण बिहारी (डीएचएमएस) के नेतृत्व में हुआ। सुबह से ही स्वास्थ्य जांच कराने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। डॉ. बिहारी ने जोड़ों के दर्द, बुखार, पेट की समस्याओं और त्वचा रोगों से ग्रसित मरीजों की गहन जांच की और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श के साथ दवाइयां वितरित कीं।

इस कार्यक्रम के सुचारू आयोजन और व्यापक प्रचार-प्रसार में पूर्व पंचायत समिति सदस्य अजय प्रसाद का विशेष योगदान रहा।

थाना प्रभारी ने की सराहना, प्रशासन की ओर से सहयोग का आश्वासन

शिविर में विशेष रूप से पहुंचे नेतरहाट थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह ने आयोजकों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा, “सुदूरवर्ती क्षेत्रों में इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन ग्रामीणों के लिए बेहद मददगार साबित होता है। इससे लोगों को इलाज के लिए दूर बड़े शहरों में नहीं जाना पड़ता। डॉ. कृष्ण बिहारी और सामाजिक कार्यकर्ताओं का यह प्रयास प्रशंसनीय है और भविष्य में भी पुलिस प्रशासन ऐसे कल्याणकारी कार्यक्रमों में पूरा सहयोग देगा।”

शिविर का लाभ उठाने वाले स्थानीय ग्रामीणों ने आयोजकों के प्रति आभार जताया और मांग की कि क्षेत्र में समय-समय पर ऐसे चिकित्सा शिविरों का आयोजन होता रहना चाहिए।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *