देवघर: झारखंड की धार्मिक नगरी देवघर में प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर और शिवगंगा इलाके के व्यापारियों तथा दुकानदारों से रंगदारी वसूलने वाले एक सक्रिय गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस गिरोह के तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
मामले का खुलासा करते हुए देवघर के एसपी प्रवीण पुष्कर ने पत्रकार वार्ता में बताया कि पिछले कुछ दिनों से मंदिर के पास अस्थायी दुकानदारों से रंगदारी मांगने और मना करने पर हथियार के बल पर जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं। शातिर अपराधी अपनी पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के लिए दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे और DVR भी उखाड़कर ले गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीओ के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जमशेदपुर के साकची इलाके में दबिश देकर मुख्य आरोपी गौरव झा और निहाल मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। इनकी निशानदेही पर शिवगंगा श्मशान घाट की झाड़ियों से एक देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
वहीं, दूसरी टीम ने कार्रवाई करते हुए तीसरे आरोपी विक्रम कुमार चौरसिया को उसके घर से गिरफ्तार किया, जिसकी निशानदेही पर छत्तीसी स्थित एक मकान से चोरी किए गए सीसीटीवी कैमरे और DVR बरामद किए गए।
जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार गौरव झा और निहाल मिश्रा का आपराधिक इतिहास रहा है तथा कुंडा थाना के एक मामले में दोनों को पहले ही आजीवन कारावास की सजा मिल चुकी है। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
