ठाणे: 12 मंजिला इमारत की आठवीं मंजिल पर लगी भीषण आग, ऊपरी मंजिल में फंसे 7 लोगों को दमकल कर्मियों ने सुरक्षित निकाला

ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे शहर स्थित एक 12 मंजिला आवासीय इमारत में शनिवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने के कारण इमारत की ऊपरी मंजिल पर फंसे सात लोगों को दमकल और आपातकालीन बचाव दल ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

नगर निगम अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब 9:30 बजे देवदया नगर इलाके में उन्नति गार्डन्स स्थित ‘ट्यूलिप’ इमारत की आठवीं मंजिल के एक फ्लैट में घटी। देखते ही देखते आग की लपटें फैल गईं और पूरे इलाके में धुआं भर गया, जिससे सबसे ऊपरी मंजिल पर मौजूद सात लोग वहीं फंस गए।

ठाणे नगर निगम के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (RDMC) के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। आपातकालीन बचाव दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सबसे ऊपरी मंजिल पर फंसे सभी सात लोगों को सुरक्षित नीचे उतार लिया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

अधिकारियों के अनुसार, इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, हालांकि फ्लैट के अंदर रखी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है। आग लगने के सटीक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *