तमिलनाडु के वेल्लोर में भारतीय सेना के एक 52 वर्षीय सेवानिवृत्त कैप्टन को हनी-ट्रैप के जरिए सेना की गोपनीय जानकारियां विदेशी महिला को लीक करने के गंभीर आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान बाबू के रूप में हुई है, जिसने करीब 28 साल तक भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दी थीं और पिछले साल ही रिटायर हुआ था।
WhatsApp के जरिए हुआ संपर्क
पुलिस के अनुसार, लगभग एक साल पहले एक अज्ञात महिला ने WhatsApp के माध्यम से बाबू से संपर्क साधा था। आरोप है कि महिला ने पहले अनौपचारिक और अनुचित बातचीत के जरिए उससे नजदीकियां बढ़ाईं और फिर धीरे-धीरे भारतीय सेना तथा सैन्य उपकरणों से जुड़ी संवेदनशील और गोपनीय जानकारियां मांगनी शुरू कर दीं।
जांच में यह भी सामने आया है कि जब बाबू के पास महिला द्वारा मांगी गई जानकारी सीधे उपलब्ध नहीं होती थी, तब वह सैन्य कार्यालयों से संपर्क कर उनका विवरण जुटाता और महिला को भेज देता था।
खुफिया एजेंसियों ने की कार्रवाई और जांच जारी
वेल्लोर जिले के कीझवल्लम गांव के रहने वाले आरोपी बाबू को केंद्रीय खुफिया अधिकारियों ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया और बाद में इसे वेल्लोर ग्रामीण पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने इस मामले में आधिकारिक तौर पर केस दर्ज कर लिया है।
अब जांच एजेंसियां उस WhatsApp अकाउंट को ऑपरेट करने वाली महिला की असली पहचान का पता लगाने में जुटी हैं। इसके अलावा यह भी खंगाला जा रहा है कि इस जासूसी और जानकारी लीक करने के पीछे किसी विदेशी एजेंसी या संगठन का हाथ तो नहीं है। मामले की गहन जांच फिलहाल जारी है।
