मिहिजाम (जामताड़ा): चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना (CLW) में ड्यूटी के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, हालांकि इस घटना में एक रेलकर्मी को गंभीर चोट आई है। बुधवार को कारखाने के 16 नंबर शॉप में काम कर रहे रेलकर्मी रिंकू यादव (45) उस समय हादसे का शिकार हो गए, जब काम के दौरान रेल इंजन का एक भारी हिस्सा अचानक खुलकर सीधे उनके सिर पर आ गिरा। सिर में चोट लगने से वह घायल हो गए और घटना के बाद कारखाने के अन्य कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल में भर्ती, जांच के बाद लौटे हादसे के तुरंत बाद साथी कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल रिंकू यादव को चित्तरंजन स्थित कस्तूरबा गांधी अस्पताल (केजी अस्पताल) पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद आगे की जांच के लिए उन्हें नेमतपुर स्थित आविष्कार डायग्नोस्टिक सेंटर भेजा। आवश्यक मेडिकल जांच होने के बाद उन्हें वापस केजी अस्पताल में भर्ती कर लिया गया।
फिलहाल स्थिर है हालत अस्पताल के चिकित्सकों के मुताबिक, घायल रेलकर्मी रिंकू यादव की हालत अब स्थिर है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। वहीं, यह हादसा किन हालात में हुआ और इंजन का भारी हिस्सा कैसे खुलकर गिरा, इसकी स्पष्ट वजह अभी सामने नहीं आ सकी है।
