रिम्स जमीन घोटाले में एसीबी का शिकंजा: बेरमो के एसडीओ मनोज कुमार गिरफ्तार, अब तक 12 आरोपी चढ़े हत्थे

रांची: झारखंड के चर्चित रिम्स जमीन घोटाले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बेरमो के एसडीओ मनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, मनोज कुमार पूर्व में बड़गाईं अंचल में अंचलाधिकारी (CO) के पद पर भी रह चुके हैं। इस गिरफ्तारी के साथ ही जमीन फर्जीवाड़े में शामिल अधिकारियों पर एसीबी की कार्रवाई और तेज हो गई है।

निजी लाभ के लिए पद के दुरुपयोग का आरोप एसीबी सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान मनोज कुमार के खिलाफ आपराधिक साजिश रचने और निजी आर्थिक लाभ के लिए अपने पद का दुरुपयोग करने के पुख्ता साक्ष्य सामने आए हैं। उनके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज है। फिलहाल जांच एजेंसी उनसे जुड़े पहलुओं पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

17 नवंबर को छह अधिकारियों को भेजा गया था जेल इससे पहले 17 नवंबर को एसीबी ने इसी मामले में पूर्व भूमि सुधार उपसमाहर्ता मनोज कुमार रंजन समेत छह अधिकारियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार किए गए अन्य अधिकारियों में बड़गाईं अंचल के पूर्व सीओ शैलेश कुमार, रांची टाउन के पूर्व सीओ राजेश कुमार, तत्कालीन जिला अवर निबंधक अविनाश कुमार, राहुल कुमार चौबे और वैभव मणि त्रिपाठी शामिल हैं। बुधवार को सभी को विजिलेंस की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

9.65 एकड़ जमीन की अवैध खरीद-बिक्री से जुड़ा मामला यह पूरा प्रकरण रिम्स के लिए अधिग्रहित लगभग 9.65 एकड़ जमीन की कथित अवैध खरीद-बिक्री से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि मिलीभगत के जरिए इस जमीन के विभिन्न हिस्सों की गलत तरीके से खरीद-बिक्री की गई। झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश पर एसीबी ने केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी। इस कार्रवाई के बाद अब तक कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

14 करोड़ की लागत से अपार्टमेंट निर्माण का मामला भी आया सामने जांच में यह तथ्य भी उजागर हुआ था कि कथित तौर पर अवैध रूप से खरीदी गई रिम्स की जमीन पर बिल्डर शुभम साबू ने एक अपार्टमेंट खड़ा किया था। बताया गया कि करीब 14 करोड़ रुपये खर्च कर वहां 20 फ्लैट बनाए गए थे, जिसके लिए जमीन के म्यूटेशन से लेकर भवन निर्माण का नक्शा तक पास कराया गया था।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *