झारखंड की जेलों से रिहा होंगे 26 आजीवन कैदी, सीएम हेमंत सोरेन ने दिए काउंसलिंग और पुनर्वास के निर्देश

रांची: झारखंड की विभिन्न जेलों में लंबे समय से आजीवन कारावास की सजा काट रहे 26 कैदियों की रिहाई का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई झारखंड राज्य सजा पुनरीक्षण पर्षद की बैठक में इन कैदियों को मुक्त करने पर सहमति बनी।

पर्षद की बैठक में कुल 73 बंदियों के मामलों की समीक्षा की गई। इनमें 20 नए प्रस्ताव और पिछली बैठकों में अस्वीकृत किए गए 53 पुराने मामले शामिल थे। अधिकारियों की रिपोर्ट, जेल के भीतर कैदियों के आचरण, पात्रता और पूरी की गई सजा की अवधि का आकलन करने के बाद 26 बंदियों की रिहाई को हरी झंडी दी गई।

मुख्यधारा में लौटने के लिए होगी काउंसलिंग

रिहाई के बाद बंदियों के पुनर्वास और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खास जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि बाहर आने वाले कैदियों के लिए मनोवैज्ञानिक काउंसलर उपलब्ध कराए जाएं और आवश्यकतानुसार गैर सरकारी संगठनों (NGO) का सहयोग भी लिया जाए। इसका मकसद रिहा होने वालों को मानसिक व सामाजिक संबल देना है, ताकि वे सामान्य जिंदगी शुरू कर सकें और अपराध की राह पर दोबारा न जाएं।

मानसिक स्वास्थ्य और अनिच्छुक कैदियों पर विशेष ध्यान

बैठक के दौरान मानसिक रूप से अस्वस्थ बंदियों की स्थिति को लेकर भी चिंता जताई गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे कैदियों की रिहाई के बाद उनके उपचार और देखभाल का दायित्व प्रोबेशन अधिकारियों को सौंपा जाए तथा बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इसके साथ ही, ऐसे बंदियों की भी काउंसलिंग करने के निर्देश दिए गए जो सजा पूरी होने के बावजूद जेल से बाहर नहीं निकलना चाहते। उनके पारिवारिक और सामाजिक हालात की पड़ताल की जाएगी, ताकि जेल में ही रहने की इच्छा के पीछे के कारणों को समझा जा सके।

बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

झारखंड राज्य सजा पुनरीक्षण पर्षद की इस बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, डीजीपी तदाशा मिश्रा और जेल आईजी सुदर्शन प्रसाद मंडल सहित अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *