हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले में सोमवार को पुलिस और राहुल दुबे गैंग के बीच आमने-सामने की मुठभेड़ हो गई। कटकमसांडी थाना क्षेत्र के डाटोखुर्द इलाके में हुई इस कार्रवाई में गिरोह के दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि दो अन्य अपराधी मौके का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस ने दोनों घायल आरोपियों को कब्जे में लेकर उपचार के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया है। राहत की बात यह है कि मुठभेड़ में किसी भी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई है।
बड़ी वारदात की फिराक में थे बदमाश हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक (SP) अमन कुमार ने बताया कि बीते कुछ दिनों से राहुल दुबे गैंग के सक्रिय सदस्यों द्वारा जिले में लगातार गोलीबारी की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा था। पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली थी कि गैंग के कुछ बदमाश एक बार फिर हजारीबाग में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
इसी खुफिया इनपुट के बाद पुलिस ने जिले के कई संवेदनशील मार्गों पर नाकेबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इसी अभियान के तहत कटकमसांडी के डाटोखुर्द के समीप बैरिकेडिंग कर संदिग्धों की तलाश की जा रही थी।
रुकने का इशारा करते ही की फायरिंग जांच के दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्ध युवक वहां पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने जब उन्हें रुकने का संकेत दिया, तो वे भागने का प्रयास करने लगे और देखते ही देखते पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो अपराधी गोली लगने से जख्मी हो गए। वहीं, उनके दो साथी अपनी-अपनी बाइक वहीं छोड़कर फरार हो गए। घटनास्थल से बरामद दोनों बाइकों को पुलिस ने जब्त कर लिया है और फरार बदमाशों की तलाश में छापेमारी जारी है।
