रांची: संताल आदिवासी समुदाय की बेटियों के पैतृक संपत्ति में अधिकार को लेकर झारखंड हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण और दूरगामी फैसला सुनाया है। अदालत ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि किसी कथित पारंपरिक प्रथा का हवाला देकर बेटियों को उनके पिता की संपत्ति से बेदखल नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने यह भी रेखांकित किया कि यदि कोई पक्ष ऐसी किसी प्रथा का दावा करता है, तो उसे ठोस साक्ष्यों के साथ यह सिद्ध करना होगा कि वह परंपरा प्राचीन, निश्चित, तर्कसंगत और निरंतर प्रचलन में रही है।
मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक और न्यायमूर्ति राजेश शंकर की खंडपीठ ने जामताड़ा जिले के कुंडहित थाना क्षेत्र स्थित तुरका गांव से जुड़े 41 साल पुराने भूमि विवाद पर सुनवाई करते हुए यह आदेश पारित किया। हाईकोर्ट ने प्रतिवादियों की अपील को खारिज करते हुए निचली अपीलीय अदालत के वर्ष 2006 के फैसले को पूरी तरह बरकरार रखा है।
क्या था 1985 का पूरा मामला? जामताड़ा के तुरका गांव में पैतृक जमीन के मालिकाना हक को लेकर यह कानूनी लड़ाई वर्ष 1985 में शुरू हुई थी। एक महिला ने अपने पिता की संपूर्ण पैतृक संपत्ति पर अधिकार जताते हुए दीवानी (सिविल) मुकदमा दायर किया था। 5 अक्टूबर 1996 को ट्रायल कोर्ट ने महिला को पूरी संपत्ति के बजाय केवल एक-तिहाई हिस्से का हकदार माना था।
इस निर्णय से असंतुष्ट होकर महिला ने ऊपरी अदालत में अपील की। सुनवाई के बाद 4 मार्च 2006 को अतिरिक्त जिला न्यायाधीश (ADJ) की अदालत ने ट्रायल कोर्ट के आदेश में संशोधन करते हुए पूरी संपत्ति पर महिला के मालिकाना हक की डिक्री पारित कर दी। बाद में सनातन हेंब्रम और अन्य प्रतिवादियों ने वर्ष 2006 में इस आदेश को झारखंड हाईकोर्ट में चुनौती दी। मुकदमे के दौरान महिला का निधन हो गया, जिसके बाद उनके कानूनी उत्तराधिकारियों ने इस लड़ाई को जारी रखा।
‘घरजमाई प्रथा’ की दलील को कोर्ट ने नहीं माना आधार हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान अपीलकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता जय प्रकाश झा ने दलील दी कि संताल आदिवासी परंपरा के मुताबिक, बेटियों को सामान्य परिस्थितियों में पिता की संपत्ति में हिस्सा नहीं मिलता। उनका तर्क था कि बेटी को अधिकार तभी प्राप्त होता है जब उसका विवाह ‘घरजमाई प्रथा’ के तहत हुआ हो, जिसमें पति को दत्तक पुत्र के समान दर्जा मिलता है। चूंकि संबंधित महिला की शादी घरजमाई प्रथा से नहीं हुई थी, इसलिए वह संपत्ति की हकदार नहीं है।
हालांकि, हाईकोर्ट ने इन दलीलों को अस्वीकार करते हुए अपीलीय अदालत के फैसले पर मुहर लगा दी। कानूनी जानकारों का मानना है कि झारखंड हाईकोर्ट का यह निर्णय आदिवासी समाज में महिलाओं के संपत्ति अधिकारों को सशक्त करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।
