Jharkhand Cold Wave: झारखंड में कश्मीर जैसी ठंड, अगले हफ्ते तापमान में 3 डिग्री तक गिरावट; यलो अलर्ट जारी

Jharkhand Cold Wave: झारखंड में कश्मीर जैसी ठंड, अगले हफ्ते तापमान में 3 डिग्री तक गिरावट; यलो अलर्ट जारी

रांची: झारखंड में सर्दी का असर लगातार बढ़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में अगले एक सप्ताह के दौरान तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है, जिससे ठंड और बढ़ जाएगी। घने कोहरे और पछुआ हवा के कारण सुबह और शाम की कनकनी अधिक महसूस हो रही है, जो स्वास्थ्य और सड़क यातायात के लिए खतरनाक भी हो सकती है।

राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में घने कोहरे का असर दिख रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का मौसम शुष्क रहा, जबकि उत्तर-पूर्वी और मध्य क्षेत्रों में कोहरे का प्रभाव देखा गया। उत्तरी जिलों में शीतलहर का सबसे अधिक असर दर्ज किया गया।

अधिकतम तापमान की बात करें तो जगन्नाथपुर में 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान लोहरदगा में 3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। रांची में अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि 22 दिसंबर को रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी और उत्तर-पूर्वी जिलों जैसे देवघर, दुमका, गोड्डा, गिरिडीह, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में शीतलहर और घने कोहरे की संभावना बनी रहेगी। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

अगले तीन दिनों यानी 22, 23 और 24 दिसंबर को न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद 25 और 26 दिसंबर को तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है। रांची और आसपास के जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा रहेगा। सुबह कोहरे या धुंध के बाद दिन का मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा। 26 दिसंबर तक राज्य में ठंड का प्रकोप और बढ़ने की संभावना है।

उत्तर-पश्चिमी दिशा से आ रही ठंडी हवाओं के कारण सुबह और देर रात ठंड और अधिक महसूस हो रही है। दिन में हल्की गर्मी और सुबह-शाम शीतलहर के कारण लोगों को मौसम की दोहरी मार झेलनी पड़ रही है।

अगले 4 दिनों का तापमान (रांची)

  • 22 दिसंबर: अधिकतम 22°C, न्यूनतम 10°C
  • 23 दिसंबर: अधिकतम 23°C, न्यूनतम 9°C
  • 24 दिसंबर: अधिकतम 23°C, न्यूनतम 8°C
  • 25 दिसंबर: अधिकतम 23°C, न्यूनतम 8°C

सावधानी के उपाय:

  • गाड़ी चलाते समय या बाहर निकलते समय सतर्क रहें।
  • गाड़ी चलाते समय हेडलाइट का प्रयोग करें।
  • यात्रा की किसी भी पुनर्निर्धारण के लिए एयरलाइंस, रेलवे और राज्य परिवहन से संपर्क में रहें।
  • आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें और चेहरे को ढक कर रखें।
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *