रांची: क्रिसमस के पावन पर्व से पहले राज्य सरकार ने रांची जिले की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत नवंबर माह की सम्मान राशि का भुगतान कर दिया गया है। इसके अंतर्गत जिले की 3 लाख 93 हजार 84 महिलाओं के बैंक खातों में आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से प्रति लाभुक 2,500 रुपये की दर से कुल 98 करोड़ 27 लाख 10 हजार रुपये भेजे गए हैं।
जिला प्रशासन से मिले आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक लाभुक कांके प्रखंड से हैं, जहां 31,781 महिलाओं के खातों में राशि जमा हुई। इसके बाद सदर शहरी क्षेत्र में 25,038, मांडर में 23,308, सिल्ली में 21,390 और बेड़ो में 20,761 महिलाओं को योजना का लाभ मिला।
अन्य प्रखंडों में अनगड़ा के 16,935, चान्हो के 19,851, रातू के 18,790, तमाड़ के 18,758, ओरमांझी के 18,342 और बुढ़मू के 18,152 लाभुक शामिल हैं। वहीं शहरी क्षेत्रों में अरगोड़ा से 13,207, बड़गाईं से 9,702, हेहल से 15,537, नगड़ी से 8,184, नामकुम से 9,151 और कांके शहरी क्षेत्र से 1,336 महिलाओं के खातों में राशि भेजी गई है।
इस मौके पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि क्रिसमस प्रेम, सेवा और खुशियों का संदेश देने वाला पर्व है। ऐसे शुभ अवसर पर महिलाओं के खातों में सम्मान राशि का भुगतान राज्य सरकार की संवेदनशील और जनकल्याणकारी सोच को दर्शाता है। यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के साथ उनके आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना को भी सुदृढ़ कर रही है।
