रांची: अवैध कफ सिरप कारोबार की जांच में जुटी रांची पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तुपुदाना इंडस्ट्रियल एरिया स्थित सैली ट्रेडर्स के तीन अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने बड़ी संख्या में महत्वपूर्ण दस्तावेज, ब्लैंक चेक और दो हथियार बरामद किए हैं।
जब्त कागजातों से अंतरराज्यीय मनी ट्रेल और कफ सिरप की सप्लाई चेन से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। सिटी डीएसपी केवी रमन के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने सैली ट्रेडर्स की दुकान, गोदाम और कर्मचारियों के किराए के मकान पर छापा मारा। टीम के पहुंचते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने गोदाम में रखे सभी दस्तावेजों की गहन जांच कर कई अहम कागजात जब्त किए।
बंगाल और यूपी तक फैला नेटवर्क
प्रारंभिक जांच में पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश से जुड़े कफ सिरप सप्लाई के अंतरराज्यीय नेटवर्क के संकेत मिले हैं। जब्त दस्तावेजों में लेनदेन से संबंधित ऐसे सबूत सामने आए हैं, जो इस अवैध कारोबार के इंटरस्टेट नेटवर्क की पुष्टि करते हैं। पुलिस के अनुसार, सभी दस्तावेजों की विस्तृत जांच जारी है।
पहले भी कर चुकी है ईडी कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक, सैली ट्रेडर्स पर इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी छापेमारी कर चुका है। ईडी की जांच में बांग्लादेश, नेपाल, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से जुड़े तार सामने आए थे। अब रांची पुलिस की एसआईटी उसी मामले को और गहराई से खंगाल रही है।
एसएसपी के निर्देश पर बनी एसआईटी
रांची एसएसपी राकेश रंजन को अवैध कफ सिरप कारोबार की जानकारी मिलने के बाद सिटी डीएसपी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में अब तक कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। सिटी डीएसपी केवी रमन ने बताया कि जांच के आधार पर आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।
