झारखंड में शीतलहर का कहर, गुमला में तापमान 2.4 डिग्री तक गिरा, 12 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी

झारखंड में शीतलहर का कहर, गुमला में तापमान 2.4 डिग्री तक गिरा, 12 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी

रांची: साल 2026 के स्वागत की तैयारियों के बीच झारखंड में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य के कई जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, वहीं गुमला समेत चार जिलों का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे पहुंच गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने साल के अंतिम दिन यानी 31 दिसंबर को झारखंड के 12 जिलों में घने कोहरे की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ शामिल हैं।

11 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे

मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार पूरे राज्य में उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं और अधिकतर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना हुआ है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। 30 दिसंबर को जारी रिपोर्ट के मुताबिक गुमला राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

गुमला के बाद खूंटी में न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री पहुंच गया है। कड़ाके की ठंड के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। इसके अलावा लोहरदगा में 4.6 डिग्री, डाल्टनगंज में 5.0 डिग्री, रांची में 5.4 डिग्री, सिमडेगा में 6.4 डिग्री, सरायकेला में 7.1 डिग्री, बोकारो में 7.1 डिग्री, जमशेदपुर में 8.6 डिग्री, चाईबासा में 9.2 डिग्री और कोडरमा में 9.9 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है।

दिन में भी ठिठुरन, अधिकतम तापमान में गिरावट

राज्य के पांच जिलों में दिन के समय भी सर्दी का असर बना हुआ है। इसकी वजह अधिकतम तापमान में आई गिरावट है। डाल्टनगंज में दिन का तापमान सबसे कम 16.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। वहीं कोडरमा में 16.1 डिग्री, हजारीबाग में 16.4 डिग्री, पाकुड़ में 16.6 डिग्री और देवघर में 18.0 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज हुआ है।

अधिकांश जिलों का अधिकतम तापमान 25 डिग्री से नीचे चला गया है। केवल तीन जिलों—चाईबासा (26.8 डिग्री), खूंटी (25.5 डिग्री) और सिमडेगा (25.5 डिग्री)—में तापमान 25 डिग्री से थोड़ा ऊपर दर्ज किया गया है।

जरूरी काम पर ही बाहर निकलने की सलाह

मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि नववर्ष की शुरुआत के साथ तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। 31 दिसंबर से न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक इजाफा होने की संभावना जताई गई है। इसके बावजूद लोगों को ठंड से बचाव के उपाय अपनाने और बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *