रांची/धनबाद: आजसू पार्टी (AJSU) के वरिष्ठ नेताओं ने बुधवार को धनबाद मंडल कारा (जेल) पहुंचकर पार्टी की स्थानीय नेत्री रजनी रवानी से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, आजसू नेता प्रवीण प्रभाकर और पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत मुख्य रूप से मौजूद रहे। नेताओं ने जेल में बंद रजनी रवानी से मिलकर उनका कुशलक्षेम जाना और वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।
प्रशासनिक कार्यशैली पर खड़े किए गंभीर सवाल
जेल से बाहर आने के बाद आजसू नेताओं ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला। नेताओं ने कहा कि लोयाबाद थाना क्षेत्र के बांसजोड़ा में पिछले दिनों आजसू नेताओं पर हुए हमले की घटना ने प्रशासनिक मुस्तैदी और नीयत पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।
“माफियातंत्र के खिलाफ आवाज उठाने वालों को दबाया जा रहा है” पार्टी नेताओं ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि जो लोग अवैध कोयला कारोबार और माफियातंत्र के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, प्रशासन उन्हीं को दबाने का प्रयास कर रहा है। क्षेत्र में वर्षों से सक्रिय अवैध कोयला सिंडिकेट अब आम ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और न्याय की मांग करने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने का काम कर रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
‘लोकतंत्र पर प्रहार, जारी रहेगी निर्णायक लड़ाई’
आजसू प्रवक्ताओं और सांसद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता और हक-अधिकार की आवाज को दबाने की कोई भी कोशिश लोकतंत्र की आत्मा पर सीधा प्रहार है। उन्होंने संकल्प दोहराया कि अन्याय, भ्रष्टाचार और कोयला माफियाओं के खिलाफ आजसू पार्टी का संघर्ष जनहित में लगातार और निर्णायक रूप से जारी रहेगा। सरकार और प्रशासन को इस सिंडिकेट पर नकेल कसनी ही होगी।
