शिवहर/मुजफ्फरपुर: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सूबे को बाढ़ से राहत देने और सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने बागमती-बूढ़ी गंडक रिवर लिंक योजना के तहत नवनिर्मित बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल (बेलवाधार) का लोकार्पण और हवाई निरीक्षण किया। करीब 130.88 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह लिंक चैनल 68.80 किलोमीटर लंबी है, जो शिवहर के बेलवा से लेकर मुजफ्फरपुर के मीनापुर तक फैली है।
अटल जी के सपने को पीएम मोदी कर रहे साकार
इस ऐतिहासिक मौके पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी का “नदी जोड़ो अभियान” का जो सपना था, उसे आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में धरातल पर उतारा जा रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह परियोजना बाढ़ प्रबंधन, सिंचाई क्षमता के विस्तार और जल संसाधनों के वैज्ञानिक उपयोग को एक नई और सकारात्मक दिशा देगी।
बढ़ेंगे रोजगार के अवसर, दूर होगी बाढ़ की समस्या
मुख्यमंत्री ने इस योजना के फायदों को गिनाते हुए कहा कि इस लिंक चैनल के चालू होने से क्षेत्र के किसानों की कृषि उत्पादकता में भारी वृद्धि होगी। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि जल प्रबंधन की यह आधुनिक तकनीक ‘विकसित बिहार’ के संकल्प को और अधिक गति देगी तथा हर साल बाढ़ की त्रासदी झेलने वाले इलाकों के लिए लाइफलाइन साबित होगी।
