छपरा: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बीच ट्रेनों के जरिए हो रही शराब तस्करी के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। छपरा में आरपीएफ (RPF), सीआईबी (CIB) और जीआरपी (GRP) की संयुक्त टीम ने चलती ट्रेन में छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई के दौरान मौके से पांच शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।
सुरेमनपुर और छपरा के बीच हुई छापेमारी
जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों द्वारा ट्रेन संख्या 15232 (गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस) में एक विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन जब सुरेमनपुर और छपरा रेल खंड के बीच दौड़ रही थी, तभी एक कोच में पुलिस टीम को कुछ युवक संदिग्ध स्थिति में बड़े-बड़े बैग और थैलों के साथ नजर आए।
बैग खोलते ही खुली पोल, 88 हजार की शराब जब्त
संदेह होने पर जब सुरक्षाकर्मियों ने युवकों के बैगों की तलाशी ली, तो उनके होश उड़ गए। बैगों के अंदर भारी मात्रा में अलग-अलग नामी ब्रांडों की विदेशी शराब और बीयर की बोतलें छिपाई गई थीं।
पुलिस के मुताबिक, जब्त की गई शराब की कुल मात्रा 106 लीटर से अधिक है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 88 हजार रुपये बताई जा रही है।
तस्करों के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस
रेल पुलिस ने मौके से ही पांचों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। सभी गिरफ्तार तस्करों के खिलाफ छपरा रेल थाने में मद्यनिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है और उन्हें जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। जांच एजेंसियां अब इस बात का पता लगा रही हैं कि शराब की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे बिहार में कहां सप्लाई किया जाना था, ताकि इस पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जा सके।
