रांची (दशम फॉल): सोशल मीडिया पर ‘हाईवे पर महिलाओं से गुंडागर्दी’ के नाम से तेजी से वायरल हो रहे दशम फॉल थाना क्षेत्र के एक वीडियो मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शुरुआती दावों के उलट, पुलिस जांच में सामने आया है कि यह मामला असल में दो गाड़ियों के बीच हुई सड़क दुर्घटना के बाद उपजे विवाद का था। इस मामले में अब दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हो चुका है।
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर से हजारीबाग की ओर जा रही एक कार (जिसमें तीन महिलाएं और चालक सवार थे) दशम फॉल थाना क्षेत्र के पांचों गांव के पास आगे चल रही एक काले रंग की स्कॉर्पियो से पीछे से टकरा गई। स्कॉर्पियो में रांची के दो युवक सवार थे।
टक्कर लगने के बाद स्कॉर्पियो चालक ने बात करने के लिए गाड़ी रोकनी चाही, लेकिन कार चालक वाहन को आगे बढ़ाकर ले गया। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार युवकों ने पीछा कर कार को कुछ दूरी पर रुकवा लिया।
गुस्से में तोड़ा कार का शीशा, महिलाओं ने बनाया वीडियो
कार रुकने के बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। इसी दौरान तैश में आकर स्कॉर्पियो सवार युवकों ने कार का शीशा तोड़ दिया। कार में बैठी महिलाओं ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और इसे रोड रेज व बदसलूकी का रूप दे दिया गया।
पुलिस ने देरी के आरोपों को नकारा
कार सवार महिलाओं ने आरोप लगाया था कि आपातकालीन हेल्पलाइन पर सूचना देने के बावजूद पुलिस देरी से पहुंची। हालांकि, पुलिस ने कंट्रोल रूम (PCR) के टाइम लॉग का हवाला देते हुए इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।
पुलिस टाइमलाइन के अनुसार:
- दोपहर 12:33 बजे: कंट्रोल रूम को पहली कॉल मिली।
- दोपहर 12:39 बजे: दशम फॉल थाना को तुरंत मामले की सूचना फॉरवर्ड की गई।
- कुछ ही मिनटों में: बाइक गश्ती दल मौके पर पहुंचा और महज 10 मिनट के भीतर ‘डायल-112’ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। उस वक्त हाईवे पेट्रोलिंग की गाड़ी भी उसी रूट पर गश्त पर थी।
