धनबाद: जिले के खैतान चौक के समीप स्थित जमनादास बिसेसर लाल ज्वेलरी शॉप में देर रात अपराधियों ने बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। यह घटना कतरास थाना क्षेत्र की है, जहां थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर वारदात हुई। जानकारी के अनुसार, करीब 10 से 12 अपराधी ज्वेलरी शॉप पहुंचे, पहले गार्ड को बंधक बनाया और फिर शटर उखाड़कर दुकान में घुसकर जमकर लूटपाट की।
सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी
ज्वेलरी शॉप संचालक के पिता ने बताया कि घटना की सूचना उन्हें पुलिस से मिली। दुकान का संचालन उनका बेटा करता है, जो फिलहाल शहर से बाहर है। अपराधी दुकान से सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए हैं, हालांकि लूट की कुल रकम का अभी आकलन नहीं हो सका है। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज की जांच में 10 से 12 अपराधी नजर आ रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, शटर तोड़कर अपराधियों ने दुकान में प्रवेश किया और विशेष रूप से चांदी की ज्वेलरी चोरी की गई है। संचालक के बाहर होने के कारण अब तक चोरी गई ज्वेलरी का सटीक आंकड़ा सामने नहीं आ पाया है और न ही कोई लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
— पुरुषोत्तम कुमार सिंह, एसडीपीओ, बाघमारा
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। कारोबारी वर्ग ने पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है और व्यवसायियों ने मामले का शीघ्र खुलासा करने की अपील की है।
