धनबाद रेलवे स्टेशन के बाहर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पर गंभीर आरोप लगे हैं। एक वायरल वीडियो में फुटपाथ दुकानदारों से कथित तौर पर रोजाना वसूली किए जाने का मामला सामने आया है, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि स्टेशन के बाहर मुख्य सड़क किनारे दुकान लगाने वाले सैकड़ों दुकानदारों से प्रतिदिन पैसे वसूले जाते हैं। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर दुकानों को हटाने और तोड़ने की धमकी दी जाती है। इस वसूली में चाय, फल-फूल, होटल से लेकर अवैध शराब की दुकानों तक सभी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, फूल विक्रेताओं से करीब 500 रुपये, अवैध शराब बेचने वालों से 500 रुपये और छोटे-बड़े फुटपाथ दुकानदारों से 200 से 400 रुपये तक रोजाना वसूले जाते हैं। बताया जा रहा है कि करीब 200 दुकानों से हर दिन हजारों रुपये की अवैध वसूली की जाती है।
इस पूरे मामले में ‘सोनू’ नाम के एक व्यक्ति का नाम सामने आया है, जो दुकानदारों से पैसे इकट्ठा कर आगे पहुंचाता है। वायरल वीडियो में वह एक दुकानदार से 200 रुपये मांगते और पैसे नहीं देने पर दुकान तोड़ने की धमकी देते हुए दिखाई दे रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस और संबंधित विभाग में हलचल मच गई है, हालांकि आरोप है कि वसूली का यह सिलसिला अब भी जारी है। गरीब दुकानदार खुद को बेबस महसूस कर रहे हैं—न पैसे दें तो दुकान खोने का डर, और दें तो रोजाना आर्थिक बोझ।
स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
