गिरिडीह: नए साल की शुरुआत में अब दो दिन शेष हैं और नववर्ष के स्वागत को लेकर लोग जश्न की तैयारियों में जुटे हुए हैं। वहीं, जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। एसपी डॉ. बिमल कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत होटल, ढाबे और वाहनों की लगातार चेकिंग की जा रही है।
इसी क्रम में सोमवार देर रात एसपी डॉ. बिमल कुमार पुलिस बल के साथ सड़कों पर उतरे और विभिन्न स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान डीएसपी मुख्यालय नीरज कुमार सिंह, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन, पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार और बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुराने अपराधियों पर रहेगी सख्त नजर
एसपी ने निर्देश दिया कि पुराने अपराधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में जेल से रिहा हुए लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखना जरूरी है। इसके अलावा संदिग्ध व्यक्तियों और मनचलों पर भी कड़ी निगरानी रखने के साथ समय-समय पर वाहन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
ठंड में जरूरतमंदों की मदद
एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान एसपी शहर के रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सदर अस्पताल सहित कई इलाकों में पहुंचे। इस दौरान ठंड में खुले में रात गुजार रहे जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए। साथ ही एंबुलेंस चालकों और सफाईकर्मियों को भी कंबल देकर उनकी सेवा भावना की सराहना की गई। एसपी ने कहा कि पुलिस का कार्य सिर्फ कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि मानवता की सेवा करना भी है।
