जमशेदपुर: गोलपहाड़ी–गोविंदपुर सड़क की बदहाली पर भड़के ग्रामीण, चक्का जाम कर प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी

जमशेदपुर: परसुडीह इलाके में गोलपहाड़ी से गोविंदपुर को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की खस्ताहाल स्थिति से नाराज स्थानीय लोगों के सब्र का बांध आखिरकार टूट गया। सोमवार को ग्रामीणों ने बदहाल सड़क के विरोध में चक्का जाम कर दिया और जिला प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

4 साल से नारकीय स्थिति, कई लोग गंवा चुके हैं जान प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पिछले चार वर्षों से इस सड़क की हालत बेहद दयनीय बनी हुई है। पूरी सड़क बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है और इसकी ऊपरी सतह पूरी तरह उखड़ गई है। इस वजह से आए दिन गाड़ियां अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो रही हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस मार्ग पर पूर्व में हुए कई गंभीर हादसों में लोग अपनी जान तक गंवा चुके हैं। रोजाना सफर करने वाले स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और आम राहगीरों का यहां से गुजरना दूभर हो गया है।

“अधिकारियों को कई बार लिखित शिकायत दी गई, लेकिन विभाग की कुंभकर्णी नींद नहीं खुली। अब आश्वासन नहीं, सीधे सड़क पर काम शुरू होना चाहिए।”

प्रदर्शन में शामिल आक्रोशित ग्रामीण

घंटों ठप रहा यातायात, उग्र आंदोलन की चेतावनी सड़क जाम होने की वजह से इस मार्ग पर कई घंटों तक गाड़ियों के पहिए थमे रहे, जिससे राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हंगामे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, ग्रामीण सड़क निर्माण को लेकर किसी ठोस आश्वासन पर अड़े रहे। लोगों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत या निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में और भी उग्र आंदोलन किया जाएगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *