Jharkhand News: बिजनेस रिफॉर्म्स एक्शन प्लान सर्वे में झारखंड को टॉप अचीवर अवार्ड, सीएम बोले—राज्य में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए सरकार पूरी तरह संकल्पित

Jharkhand News: बिजनेस रिफॉर्म्स एक्शन प्लान सर्वे में झारखंड को टॉप अचीवर अवार्ड, सीएम बोले—राज्य में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए सरकार पूरी तरह संकल्पित

रांची: बिजनेस रिफॉर्म्स एक्शन प्लान (BRAP) सर्वे में झारखंड को टॉप अचीवर अवार्ड से सम्मानित किया गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दूरदर्शी सोच, प्रभावी नेतृत्व और सतत प्रयासों के चलते राज्य विभिन्न क्षेत्रों में तेज़ी से प्रगति कर रहा है।

यह प्रतिष्ठित सम्मान केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत डीपीआईआईटी द्वारा प्रदान किया जाता है। अवार्ड मिलने के बाद उद्योग सचिव अरवा राजकमल, उद्योग निदेशक विशाल सागर और जियाडा के प्रबंध निदेशक वरुण रंजन ने बुधवार को झारखंड मंत्रालय में मुख्यमंत्री से मुलाकात की।

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि झारखंड को यह सम्मान बिजनेस एंट्री, कंस्ट्रक्शन परमिट, लेबर रेगुलेशन और सर्विस सेक्टर में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए दिया गया है। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। ऐसे सम्मान हमें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। राज्य सरकार औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

विकास की नई ऊंचाइयों पर झारखंड
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों का ही परिणाम है कि झारखंड विकास के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। राज्य के हित में आवश्यक हर कदम उठाने से सरकार पीछे नहीं हटेगी। बेहतर क्रियान्वयन के लिए प्रत्येक अधिकारी की भूमिका अहम है और सभी के सहयोग से एक विकसित झारखंड का लक्ष्य अवश्य हासिल किया जाएगा।

क्या है बिजनेस रिफॉर्म्स एक्शन प्लान अवार्ड
डीपीआईआईटी द्वारा ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत बिजनेस रिफॉर्म्स एक्शन प्लान के माध्यम से राज्यों के प्रमुख नियामक और प्रशासनिक प्रदर्शन का आकलन किया जाता है। इसका उद्देश्य राज्यों में प्रतिस्पर्धी और सुधारोन्मुख कारोबारी माहौल को बढ़ावा देना है।

झारखंड को मिला यह सम्मान औद्योगिक निवेश के प्रति राज्य की मजबूत प्रतिबद्धता, नीतिगत नवाचार, डिजिटल सुधार और संस्थागत दक्षता को दर्शाता है। पारदर्शिता, जवाबदेही और व्यापार में सहूलियत बढ़ाने वाली पहलों के जरिए झारखंड आज देश के प्रगतिशील और निवेश-अनुकूल राज्यों में अपनी पहचान बना रहा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *