रांची: साल 2025 भारतीय क्रिकेट टीम के लिए टी20 इंटरनेशनल में बेहद यादगार साबित हुआ है। 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद से सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने इस फॉर्मेट में अब तक कोई भी सीरीज नहीं गंवाई है। इसी शानदार प्रदर्शन का असर मैन ऑफ द मैच (Player of the Match) अवॉर्ड्स पर भी साफ दिखा, जहां भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा रहा। युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के सामूहिक योगदान से टीम ने कई मुकाबलों में दमदार जीत दर्ज की।
भारतीय टीम ने 2025 में कुल 21 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले, जिनमें से 15 में जीत हासिल की, जबकि सिर्फ 3 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा 2 मैच बेनतीजा रहे और 1 मुकाबला टाई रहा।
अगर 2025 में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों की बात करें, तो इस सूची में टी20 के स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा सबसे आगे हैं। उन्होंने सबसे ज्यादा तीन बार यह सम्मान अपने नाम किया। वहीं अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, तिलक वर्मा और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो बार मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड जीते। यह साल साफ तौर पर दर्शाता है कि टीम इंडिया की ताकत किसी एक या दो खिलाड़ियों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी टीम संतुलित और मजबूत है। अगर यही फॉर्म बरकरार रहा, तो टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत को हराना किसी भी टीम के लिए आसान नहीं होगा।
टी20I 2025 में मैन ऑफ द मैच जीतने वाले भारतीय खिलाड़ी
अभिषेक शर्मा – 3 मैन ऑफ द मैच (21 मैच)
इस सूची में अभिषेक शर्मा शीर्ष पर हैं। उन्होंने 2025 में खेले गए 21 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 43 की औसत से 895 रन बनाए। इस दौरान उनके नाम एक शतक और पांच अर्धशतक रहे, जबकि उनका स्ट्राइक रेट 193 का रहा। पावरप्ले में तेज रन बनाना उनकी सबसे बड़ी ताकत साबित हुई।
अर्शदीप सिंह – 2 मैन ऑफ द मैच (12 मैच)
टीम इंडिया के भरोसेमंद बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने सिर्फ 12 मैचों में दो बार मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतकर अपनी अहमियत साबित की। डेथ ओवर्स में उनकी सटीक यॉर्कर और दबाव में विकेट लेने की काबिलियत ने कई मैचों का रुख भारत के पक्ष में मोड़ा। इस साल उन्होंने 12 मैचों में कुल 15 विकेट झटके।
कुलदीप यादव – 2 मैन ऑफ द मैच (10 मैच)
स्पिन विभाग में कुलदीप यादव का प्रभाव भी लगातार बना रहा। उन्होंने 10 मैचों में दो बार मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड हासिल किया। मिडिल ओवर्स में उनकी कलाई की फिरकी ने विरोधी बल्लेबाजों को खूब परेशान किया और उन्होंने कई मैच जिताऊ स्पेल डाले। इन 10 मुकाबलों में कुलदीप ने 21 विकेट अपने नाम किए।
तिलक वर्मा – 2 मैन ऑफ द मैच (20 मैच)
युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने 20 टी20 मुकाबलों में दो बार मैन ऑफ द मैच का खिताब जीता। मिडिल ऑर्डर में संयम से खेलना और दबाव की परिस्थितियों में रन बनाना उनकी पहचान बन चुकी है। उन्होंने 20 मैचों में 47 की औसत से 567 रन बनाए, जिसमें चार अर्धशतक शामिल हैं।
वरुण चक्रवर्ती – 2 मैन ऑफ द मैच (20 मैच)
मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने भी 20 मैचों में दो मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड अपने नाम किए। उनकी अनोखी गेंदबाजी और सटीक लाइन-लेंथ टी20 फॉर्मेट में भारत के लिए बड़ा हथियार साबित हुई। इस साल उन्होंने 20 मुकाबलों में 14 की औसत से 36 विकेट लिए, जिसमें 24 रन देकर 5 विकेट का उनका स्पेल सबसे यादगार रहा।
