झारखंड में कड़ाके की ठंड का कहर: मैकलुस्कीगंज में पारा 0.9 डिग्री तक गिरा, पूरे प्रदेश में शीतलहर का येलो अलर्ट

झारखंड में कड़ाके की ठंड का कहर: मैकलुस्कीगंज में पारा 0.9 डिग्री तक गिरा, पूरे प्रदेश में शीतलहर का येलो अलर्ट

रांची। झारखंड की राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। रांची से सटे कांके क्षेत्र में सुबह और रात के समय कड़ाके की ठंड से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है, हालांकि दिन में निकली हल्की धूप से कुछ देर के लिए राहत मिल रही है। वहीं, मैकलुस्कीगंज में शीतलहर का असर और भी तीव्र नजर आ रहा है।

राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल मैकलुस्कीगंज में रविवार को भीषण ठंड के कारण लोगों की दिनचर्या पूरी तरह बदल गई। सुबह करीब 5:30 बजे यहां न्यूनतम तापमान गिरकर 0.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे पूरा इलाका शीतलहर की चपेट में आ गया। सुबह होते ही घना कोहरा छा गया, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई और सड़कों पर आवागमन प्रभावित हुआ। ठंड इतनी तेज रही कि लोग देर तक घरों में दुबके रहे।

पिछले 24 घंटों के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा। कई स्थानों पर हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिला। राज्य के मध्यवर्ती और आसपास के जिले—रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी—के साथ-साथ उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र के पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में शीतलहर की स्थिति बनी रही। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस मैकलुस्कीगंज में रिकॉर्ड हुआ।

राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, राज्य के मध्य और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में कड़ाके की ठंड जारी है। 29 दिसंबर को भी इन क्षेत्रों में शीतलहर का असर बने रहने की संभावना है, जिसको लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।

ठंड के चलते आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लोग ठंड से बचाव के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। रांची शहरी क्षेत्र में शीतलहर के कारण लोगों की आवाजाही कम हो गई है और शाम होते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। विभाग के अनुसार सुबह और देर रात घने कोहरे के कारण ठंड और बढ़ रही है, जिससे रात के समय कनकनी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।

अगले चार दिनों में रांची का संभावित तापमान:

  • 29 दिसंबर: अधिकतम 24°C, न्यूनतम 9°C
  • 30 दिसंबर: अधिकतम 24°C, न्यूनतम 10°C
  • 31 दिसंबर: अधिकतम 24°C, न्यूनतम 10°C
  • 1 जनवरी: अधिकतम 23°C, न्यूनतम 11°C

कांके में भी कड़ाके की ठंड, दिन में मिली थोड़ी राहत
कांके क्षेत्र में पिछले 24 घंटों के दौरान ठंड का असर साफ तौर पर देखने को मिला। 28 दिसंबर को यहां अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान गिरकर 7.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सुबह और रात की ठिठुरन ने लोगों को खासा परेशान किया। दिन के समय हल्की धूप निकलने से कुछ समय के लिए राहत जरूर मिली।

मौसम विभाग के अनुसार इस अवधि में वर्षा शून्य रही, हालांकि 1.6 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली ठंडी हवाओं ने ठंड की चुभन और बढ़ा दी। सुबह-शाम लोग सड़कों पर गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए, जबकि चौक-चौराहों पर चाय की दुकानों और अलाव के पास लोगों की भीड़ देखी गई।

मौसम विज्ञानी रमेश कुमार के अनुसार, आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। ऐसे में नागरिकों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *