चालान नहीं, सुरक्षा पहली प्राथमिकता: महुआडांड़ पुलिस ने बिना हेलमेट चालकों को रोककर पहनाया हेलमेट, दी अनूठी सीख

महुआडांड़: सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए महुआडांड़ पुलिस ने एक सराहनीय और मानवीय पहल की है। अमूमन चेकिंग के दौरान चालान काटने वाली पुलिस का यहाँ एक अलग ही संवेदनशील रूप देखने को मिला। सोमवार शाम करीब 5 बजे संत जेवियर कॉलेज के समीप थाना प्रभारी मनोज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष हेलमेट चेकिंग अभियान चलाया गया।

इस अभियान के दौरान पुलिस ने दर्जनों मोटरसाइकिल चालकों को रोका। जो लोग बिना हेलमेट के सफर कर रहे थे, पुलिस ने उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने या चालान काटने के बजाय बेहद शालीनता से उन्हें सुरक्षित सफर का महत्व समझाया। पुलिस की समझाइश के बाद कई चालकों ने मौके पर हेलमेट मँगाए, जिसके बाद थाना प्रभारी और पुलिसकर्मियों ने खुद उन्हें हेलमेट पहनाकर ससम्मान वहाँ से रवाना किया।

उद्देश्य चालान काटना नहीं, जिंदगी बचाना है: थाना प्रभारी

“हमारा मकसद वाहन चालकों को आर्थिक दंड देना या परेशान करना नहीं है, बल्कि उनके भीतर जागरूकता पैदा करना है। सड़क दुर्घटना के वक्त एक हेलमेट किसी की भी जान बचा सकता है। हम चाहते हैं कि लोग डर से नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनें।” — मनोज कुमार, थाना प्रभारी, महुआडांड़

पुलिस की इस सकारात्मक और मानवीय पहल की स्थानीय जनता और प्रबुद्ध नागरिकों ने जमकर सराहना की है। लोगों का कहना है कि पुलिस का यह रूप समाज में यातायात नियमों के प्रति डर की जगह जिम्मेदारी का भाव पैदा करेगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *