नौबतपुर (पटना): पटना के नौबतपुर स्थित ऐतिहासिक मालती धारी कॉलेज ने मंगलवार को बेहद उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में अपना 70वां स्थापना दिवस मनाया। इस खास अवसर पर बिहार सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री संजय कुमार सिंह ‘टाइगर‘ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अखिलेश कुमार ने की। समारोह में शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य लोग विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
ग्रामीण क्षेत्र में उच्च शिक्षा का मजबूत स्तंभ समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि और उच्च शिक्षा मंत्री संजय कुमार सिंह ने कहा कि मालती धारी कॉलेज ने ग्रामीण इलाकों में उच्च शिक्षा के प्रसार और विकास में ऐतिहासिक योगदान दिया है। उन्होंने कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अखिलेश कुमार की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद वे कॉलेज के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं।
मंत्री ने प्राचार्य का उत्साह बढ़ाते हुए छायावादी कवि जयशंकर प्रसाद की प्रसिद्ध पंक्तियां भी सुनाईं:
“वह पथ क्या, पथिक कुशलता क्या?
जिस पथ पर बिखरे शूल न हों।
नाविक की धैर्य परीक्षा क्या,
जब धाराएं प्रतिकूल न हों।”
विकास परियोजनाओं को मिलेगा सरकारी अनुदान उच्च शिक्षा मंत्री ने छात्रों से अनुशासन, नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के जरिए राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने कॉलेज प्रशासन को आश्वस्त किया कि संस्थान के समग्र विकास के लिए प्राचार्य द्वारा तैयार की गई हर परियोजना पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी और आवश्यक अनुदान उपलब्ध कराएगी।
नवाचारों और उपलब्धियों पर चर्चा इससे पहले, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अखिलेश कुमार ने अपने स्वागत भाषण में कॉलेज की 70 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का विवरण दिया। उन्होंने बताया कि कॉलेज राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (NEP-2020) के अनुरूप नए बदलावों और नवाचारों को अपनाने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
