पटना कोचिंग वॉर: खान सर के सेंटर पर हमले में बड़ी कार्रवाई, ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर समेत 3 गिरफ्तार

पटना: राजधानी पटना के चर्चित शिक्षक खान सर (खान ग्लोबल स्टडीज) के कोचिंग सेंटर पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में प्रतिद्वंद्वी ‘ज्ञान बिंदु कोचिंग’ के डायरेक्टर रौशन आनंद सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल सभी से दीघा थाने में कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।

होर्डिंग तोड़े, गार्ड का सिर फोड़ा

नगर पुलिस उपाधीक्षक (DSP) राजेश रंजन ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वारदात मंगलवार रात लगभग 10 बजे मुसल्लहपुर इलाके की है। हमलावरों ने खान सर के कोचिंग सेंटर की गली के नुक्कड़ पर लगे होर्डिंग और बोर्ड को ईंट-पत्थरों से तोड़ दिया।

जब वहां तैनात सुरक्षाकर्मी चुनचुन ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उसके साथ भी बेरहमी से मारपीट की। इस हमले में गार्ड का सिर फट गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए पीएमसीएच (PMCH) में भर्ती कराया गया है।

फायरिंग के दावे पर पुलिस का यू-टर्न

शुरुआती खबरों में कोचिंग सेंटर पर फायरिंग किए जाने की बात सामने आई थी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया था। हालांकि, पुलिस ने इस दावे को खारिज कर दिया है। डीएसपी राजेश रंजन ने स्पष्ट किया:

“शुरुआती सूचना में फायरिंग की बात कही गई थी, लेकिन जब खान कोचिंग और आसपास के सभी सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले गए, तो फायरिंग की कोई पुष्टि नहीं हुई। फुटेज में केवल ईंट-पत्थर फेंकने और होर्डिंग तोड़ने के दृश्य ही दिखाई दे रहे हैं।”

4 नामजद और 20 अज्ञात पर FIR

इस हिंसक झड़प के बाद खान कोचिंग के कन्हैया सिंह ने थाने में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने इस मामले में 4 नामजद और 15 से 20 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और कोचिंग सेंटरों के बीच वर्चस्व की इस लड़ाई में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *