रांची के रिम्स डीआईजी ग्राउंड इलाके में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए अवैध रूप से बने पक्के मकानों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त किया। कार्रवाई के दौरान प्रभावित परिवारों ने विरोध जताया, लेकिन दंडाधिकारी और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान बिना किसी रुकावट के चलता रहा। कुछ बड़े और मजबूत निर्माणों को हटाने के लिए तकनीकी संसाधनों की मदद लेने की तैयारी की जा रही है। वहीं, डीआईजी ग्राउंड के चारों ओर बाउंड्री वॉल निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
रांची: गुरुवार को भी रिम्स डीआईजी ग्राउंड क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान तेज़ी के साथ जारी रहा। प्रशासनिक टीम ने अवैध पक्के मकानों को चिन्हित कर बुलडोजर से तोड़ने की कार्रवाई की। इस दौरान प्रभावित परिवारों की ओर से विरोध हुआ, लेकिन पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के चलते स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, कुछ बड़े और मजबूत निर्माण अभी पूरी तरह से नहीं गिराए जा सके हैं। ऐसे ढांचों को हटाने के लिए भवन निर्माण विभाग की तकनीकी सहायता ली जा सकती है। वहीं, आनंदम अपार्टमेंट को मजदूरों की मदद से चरणबद्ध तरीके से ध्वस्त किया जा रहा है।
एक सप्ताह से जारी है अभियान
गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह से रिम्स के नॉर्थ और साउथ इलाकों को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई लगातार चल रही है। पुरानी इमरजेंसी वार्ड के पास बन रही बाउंड्री वॉल का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। शुरुआत में यहां भी कड़ा विरोध देखने को मिला था, लेकिन प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया।
डीआईजी ग्राउंड के चारों ओर बनेगी बाउंड्री वॉल
अतिक्रमण की दोबारा कोशिशों को रोकने के लिए डीआईजी ग्राउंड के चारों ओर बाउंड्री वॉल बनाने का फैसला लिया गया है। इसके तहत नींव खोदने का काम शुरू कर दिया गया है। प्रशासन ने साफ कहा है कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अवैध निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा और आगे भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई से जहां अतिक्रमण करने वालों में बेचैनी है, वहीं स्थानीय लोगों को व्यवस्था बहाल होने की उम्मीद बंधी है।
