रांची: शारदीय नवरात्रि और दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं को बेहतर, स्वच्छ और सुरक्षित सुविधाएं मुहैया कराने के लिए रांची नगर निगम पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। सोमवार को नगर निगम सभागार में नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर की लगभग 176 दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
इस बैठक में पूजा की शुरुआत से लेकर प्रतिमा विसर्जन तक की व्यवस्थाओं—जैसे कि सफाई, जर्जर सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, शौचालय, ट्रैफिक और सुरक्षा पर विस्तार से रणनीति बनाई गई।
तीन पालियों में होगी शहर की सफाई
नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि पूजा के दौरान शहर की स्वच्छता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। भीड़ को ध्यान में रखते हुए पूरे पूजा महोत्सव के दौरान तीन पालियों (Shift) में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही, रात में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए नाइट शिफ्ट में अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती रहेगी। आयोजकों से भी अपील की गई है कि वे पंडालों के आसपास पर्याप्त डस्टबिन रखें और लोगों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित करें।
शिकायत और सुझाव के लिए 24 घंटे खुला रहेगा ‘कंट्रोल रूम’
पूजा समितियों की समस्याओं के तुरंत निवारण के लिए निगम ने ‘रांची नगर निगम कनेक्ट सेंटर’ को 24 घंटे सक्रिय रखने का फैसला किया है। समितियां किसी भी प्रकार की असुविधा या सुझाव के लिए व्हाट्सएप नंबर 9431104429 या टोल-फ्री नंबर 1800 570 1235 पर संपर्क कर सकती हैं।
